Breaking News

कलेक्टर ने इछावर जनपद के कालियदेव वाटरफॉल, कॉलेज भवन, मंडी सहित अनेक कार्यालयों एवं गतिविधियों का किया निरीक्षण

शासन की योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए नियमित मॉनिटरिंग करें अधिकारी – कलेक्टर

कलेक्टर ने इछावर जनपद में चल रहे अनेक विकास एवं निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण के दिए निर्देश

सीहोर, एमपी विश्वास न्यूज
सीहोर, 23 जुलाई 2025

सीहोर।कलेक्टर बालागुरू के. ने इछावर जनपद स्थित कृषि उपज मंडी, नवनिर्मित कॉलेज भवन, कालियादेव वाटरफॉल, कृषि विज्ञान केंद्र और पीएम आवास सहित इछावर जनपद में चल रहे अनेक विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य पारदर्शिता के साथ गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम जमील खान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

इछावर कृषि उपज मंडी का किया निरीक्षण

कलेक्टर बालागुरू के. ने इछावर स्थित कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी परिसर में साफ-सफाई, व्यवस्थापन और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति देखी और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने मंडी सचिव को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मंडी परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मंडी की प्रक्रियाओं को अधिक कुशल, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाया जाए।

इछावर में नवनिर्मित कॉलेज भवन का किया निरीक्षण

कलेक्टर बालागुरू के. ने इछावर में नव-निर्मित स्नातकोत्तर महाविद्यालय भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन के कुछ भाग में वर्षा का पानी रिसने की शिकायत मिली, जिसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य को निर्देश दिए कि वे पूरे भवन का पुनः निरीक्षण करें और कमियों को चिह्नित कर शीघ्र सुधार कार्य कराएं। उन्होंने कहा कि शासकीय भवनों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों के उपरांत पीआईयू के कार्यपालन यंत्री कपिल देव त्यागी ने तत्काल कॉलेज के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया।

प्राथमिक शाला के बच्चों से की चर्चा, दिए पढ़ाई के टिप्स

कलेक्टर बालागुरू के. ने ग्राम समापुरा स्थित प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे कक्षाओं में पहुंचे और विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पाठ्यक्रम की जानकारी ली और उन्हें पढ़ाई के संबंध में टिप्स दिए। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए और शाला में आवश्यक शैक्षणिक संसाधनों की पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक स्कूल में समय पर उपस्थित हों और बच्चों को समय पर उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें।

कालियादेव वाटरफॉल पहुंचकर देखी सुरक्षा व्यवस्थाएं

कलेक्टर बालागुरू के. ने अलीपुर ग्राम पंचायत स्थित कालियादेव वाटरफॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने वाटरफॉल पर पर्यटकों को जाने से रोकने के लिए की गई व्यवस्थाएं देखीं और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को सतर्कता बरतने और पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वर्षाऋतु के दौरान वाटरफॉल पर नागरिकों को जाने रोका जाए ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

सेवनिया स्थित कृषि विज्ञान केंद्र का किया निरीक्षण

कलेक्टर बालागुरू के. ने सेवनिया स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कृषि विज्ञान केन्द्र की गतिविधियों, संसाधनों और संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केन्द्र के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक भूमि शीघ्र आवंटित की जाए, जिससे यहां चलने वाले कृषि अनुसंधान और किसान प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भूमि आवंटन की प्रक्रिया में कोई बाधा न आए और इसे समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने केंद्र के वैज्ञानिकों से कहा कि कृषि संबंधी नवीनतम सूचनाओं और तकनीकों की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाई जाए।

निर्माणाधीन पीएम आवास का किया निरीक्षण

कलेक्टर बालागुरू के. ने इछावर जनपद के ग्राम अलीपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत बन रहे निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के उन्होंने हितग्राहियों को समझाइश देते हुए कहा कि वे पीएम आवास योजना के तहत अपने मकान का निर्माण समय सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने मकान निर्माण की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएम आवास योजना के तहत सभी आवास पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाएं जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू हों सकें, इसके लिए क्षेत्रीय अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करें।

About राजेश माँझी

Check Also

थाना जावर पुलिस ने की बडी मात्रा में अवैध शराब परिवहन पर कार्यवाही | पुलिस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *