Breaking News

वन ग्रामों का संपरिवर्तन शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है- कलेक्टर

वन ग्रामों का संपरिवर्तन शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है- कलेक्टर

कलेक्टर ने इछावर तहसील के वन ग्रामों का निरीक्षण कर देखी संपरिवर्तन की कार्यवाही,कलेक्टर ने वन व्यवस्थापन और वन ग्रामों के संपरिवर्तन की कार्यवाही में गति लाने के दिए निर्देश

सीहोर, एमपी विश्वास न्यूज
सीहोर, 26 दिसम्बर, 2025

कलेक्टर बालागुरू के. ने इछावर तहसील के ग्राम ईटखेड़ा एवं नींबूखेड़ा में वन ग्रामों के संपरिवर्तन की चल रही कार्यवाही तथा ग्राम गाजीखेड़ी में वन खण्डों के व्यवस्थापन संबंधी कार्यवाही का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि वन ग्रामों का संपरिवर्तन शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे वन क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों को राजस्व ग्रामों के समान मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपरिवर्तन की प्रक्रिया में पारदर्शिता रखते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। कलेक्टर बालागुरू के .ने वन खण्डों के वैज्ञानिक एवं सुनियोजित व्यवस्थापन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि वन संसाधनों का संरक्षण करते हुए आजीविका के अवसर भी विकसित किए जाएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वन एवं राजस्व विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि सीमा निर्धारण,अभिलेखों के आदान-प्रदान एवं तकनीकी प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उन्होंने लंबित सामुदायिक वनाधिकार दावों के शीघ्र निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि वनवासियों को उनके अधिकार मिलना चाहिए। इसके लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार कर प्रत्येक चरण के लिए एक स्पष्ट समय-सीमा तय की जाए और प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।

कलेक्टर ने वन विभाग को निर्देश दिए कि वनाधिकार एवं सीमा निर्धारण से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेख राजस्व विभाग को शीघ्र उपलब्ध कराए जाएं, जिससे प्रक्रियाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सतत निगरानी रखने तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान इछावर एसडीएम श्रीमती स्वाती मिश्रा सहित वन एवं राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About राजेश माँझी

Check Also

असम विधानसभा चुनाव: कांग्रेस सेवा दल ने गणेश तिवारी को बनाया राष्ट्रीय पर्यवेक्षक, संगठन को मिलेगी नई मजबूती

असम विधानसभा चुनाव: कांग्रेस सेवा दल ने गणेश तिवारी को बनाया राष्ट्रीय पर्यवेक्षक, संगठन को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *