उपस्वास्थ्य केंद्र पर फिर ताला, स्वास्थ्य अमले की लापरवाही से ग्रामीण परेशान

इछावर, एमपी विश्वास न्यूज, राजेश माँझी
ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पहले से ही संतोषजनक नहीं है, लेकिन हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। इछावर विकासखंड के बलोंडिया उपस्वास्थ्य केंद्र की लगातार लापरवाहियों ने स्थानीय ग्रामीणों को नाराज़ और परेशान कर रखा है। केंद्र का समय पर न खुलना, दवाइयों की कमी और मरीजों को समय पर उपचार न मिलना अब आम बात हो गई है।
समय से पहले बंद कर दिया केंद्र
पहले भी बुधवार,3 सितंबर,2025,4 सितम्बर 2025 को भी गायब थे,और कल 8 सितंबर 2025 को एक बार फिर वही नज़ारा देखने को मिला। बताया जाता है कि केंद्र प्रभारी सीएचओ राहुल मालवीय ने निर्धारित समय से पहले ही केंद्र पर ताला डाल दिया और चले गए। नियमों के अनुसार उपस्वास्थ्य केंद्र को तय समय तक खुला रखना और मरीजों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराना आवश्यक है, लेकिन बार-बार नियमों की अनदेखी हो रही है।



पुराना है लापरवाही का सिलसिला
यह मामला नया नहीं है। पूर्व में भी इसी तरह की शिकायतें सामने आने पर संबंधित सीएचओ को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। बावजूद इसके रवैये में कोई सुधार नहीं आया। ग्रामीणों का कहना है कि “केंद्र पर दवाइयाँ उपलब्ध ही नहीं रहतीं और जब ज़रूरत होती है तो वहाँ ताला लटका मिलता है।”

गरीब मरीजों पर दोहरी मार
केंद्र बंद होने और दवा उपलब्ध न होने की वजह से गरीब ग्रामीणों को मजबूरी में निजी मेडिकल दुकानों से महँगे दामों पर दवाइयाँ खरीदनी पड़ती हैं। ग्रामीणों ने कहा कि यह सीधे तौर पर स्वास्थ्य सेवाओं के उद्देश्य और सरकार की योजनाओं के साथ खिलवाड़ है।
निगरानी तंत्र पर उठे सवाल
सबसे अहम सवाल निगरानी व्यवस्था पर उठ रहे हैं। उपस्वास्थ्य केंद्रों की देखरेख की ज़िम्मेदारी मेडिकल ऑफिसर डॉ. अमित तिवारी की है, लेकिन अधीनस्थ कर्मचारियों की लगातार लापरवाही के बावजूद कार्यवाही न होना उनकी भूमिका पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का कहना है कि “क्या निगरानी सिर्फ कागज़ों तक सीमित रह गई है?”
जिला स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिला स्वास्थ्य विभाग समय रहते यदि ठोस कदम नहीं उठाता तो उपस्वास्थ्य केंद्र का कोई महत्व नहीं रह जाएगा। लोगों का भरोसा हमेशा के लिए टूट जाएगा और सरकारी योजनाओं की सार्थकता खत्म हो जाएगी।
सीएचओ से संपर्क नहीं हो सका
जब इस मामले पर बलोंडिया उपस्वास्थ्य केंद्र प्रभारी सीएचओ राहुल मालवीय से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनसे दूरभाष पर बात नहीं हो पाई।
इनका कहना है…
अंकित चांडक, सीबीएमओ इछावर सिविल अस्पताल ने बताया कि “सीएचओ पर कार्रवाई को लेकर वरिष्ठ कार्यालय को अवगत कराया जा रहा है। शीघ्र ही उचित कार्यवाही की जाएगी।
एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज