Breaking News

घायल किसान को न्याय दिलाने पेड़ पर चढ़े किसान, जमकर बजाईं थालियां

दोषी विद्युत अधिकारियों पर एफआईआर, घायल किसान को 25 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग

न्याय नहीं मिला तो दिल्ली के जंतर मंतर से पीडि़त किसान के पिता ठेले पर लेकर मोदी के कार्यालय पहुंच मांगेगें न्याय

सीहोर, एमपी विश्वास न्यूज
संपर्क,9200718280

सीहोर। विद्युत करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए किसान सतीश मेवाड़ा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सीहोर जिले के किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। रविवार को किसानों ने अनोखे तरीके से आम के पेड़ों की डालियों पर बैठकर थालियां बजाईं और विद्युत मंडल के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


किसानों ने सीहोर विद्युत मंडल के अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री तथा श्यामपुर के सहायक यंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। किसानों का आरोप है कि ग्राम बड़वेली में खेतों के ऊपर झूल रही 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से किसान सतीश मेवाड़ा गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद से ही वे न्याय की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।

किसान एवं समाजसेवी एमएस मेवाड़ा के नेतृत्व में करीब 25 गांवों के 500 से अधिक किसान पिछले दो माह से धरना-प्रदर्शन और आंदोलन कर रहे हैं। किसानों की प्रमुख मांग है कि घायल किसान सतीश मेवाड़ा को 25 लाख रुपये का मुआवजा, सरकारी नौकरी तथा घटना के लिए जिम्मेदार विद्युत अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

किसानों का कहना है कि जांच में विद्युत विभाग की लापरवाही सामने आने के बावजूद अब तक केवल लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जबकि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इससे किसानों में भारी आक्रोश है।

न्याय नहीं मिला तो दिल्ली जाएंगे किसान

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो घायल किसान सतीश मेवाड़ा के बुजुर्ग पिता उन्हें हाथ ठेले पर लेकर सीहोर से दिल्ली जाएंगे। वहां जंतर-मंतर से लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय तक न्याय की गुहार लगाने की बात कही गई है।

https://www.facebook.com/share/p/1F8JpkdAY6


किसानों के अनुसार वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राज्यपाल, ऊर्जा मंत्री प्रभांशु तोमर, प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव तथा भोपाल संभाग के आयुक्त शर्मा से भी न्याय की गुहार लगा चुके हैं। इसके बावजूद दो माह बीत जाने के बाद भी उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का किसानों ने आरोप लगाया है।


आंदोलनरत किसानों ने एक बार फिर मांग दोहराते हुए कहा कि सीहोर विद्युत मंडल के अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री तथा श्यामपुर विद्युत मंडल के सहायक यंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और घायल किसान को 25 लाख रुपये का मुआवजा तथा सरकारी नौकरी दी जाए। किसानों ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।

About राजेश माँझी

Check Also

राशन वितरण में अनियमितता की शिकायतों पर एसडीएम इछावर ने की त्वरित कार्रवाई

तीन शासकीय उचित मूल्य दुकानों के प्रकरणों में संबंधितों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *