
विधुत उपभोक्ताओं पर बकाया राशि की वसूली के लिए कलेक्टर ने दिये विभाग प्रमुखों को निर्देश
सीहोर एजेंसी, एमपी विश्वास न्यूज
सीहोर,10 फरवरी,2025
विद्युत उपभोक्ता विशेषकर घरेलु एवं कृषि उपभोक्ताओं द्वारा विद्युत बिल भुगतान में विलंब किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी बालागुरू के. ने बताया कि मेरे संज्ञान में लाया गया है कि विद्युत बिलों की बकाया राशि में निरंतर वृद्धि हो रही है। इस प्रकार कंपनी की हानि न केवल बढ़ रही है अपितु कंपनी द्वारा विघुत उपलब्ध कराने एवं कंपनी को संचालन में भी अत्यंत कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी द्वारा बकाया राशि की वसूली के लिए कई उपाय यथा विद्युत कनेक्शन विच्छेदन, ड्युज रिकवरी एक्ट-1961 के तहत वसूली एवं शिविर लगाये गये जिनसे भी बहुत अधिक सफलता प्राप्त नहीं हो पा रही है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी बालागुरू के. ने इस आशय के निर्देश सभी कार्यालय प्रमुखों को दिये हैं कि वहा अपने कार्यालय एवं आवास के विद्युत बिलों की राशि समय-सीमा में जमा कराना सुनिश्चित करें। विघुत उपक्रमों का संचालन वित्तीय रूप से सहज होगा और उपभोक्ताओं को सतत् रूप से गुणवत्तापूर्ण विघुत प्रदाय भी किया जा सकेगा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी बालागुरू के. ने कहा कि जिले के विभिन्न शासकीय विभागों में कार्यरत नियमित, संविदाकर्मी, मानदेयी, अंशकालीन एवं ब्राह्यस्त्रोत इत्यादि कर्मचारियों द्वारा विद्युत बिलों की राशि नियमित रूप से जमा नहीं की जा रही है। साथ ही शासकीय आवासों में पूर्व से निवासरत अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा भी विद्युत देयकों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। सभी अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देशित करें कि उनके द्वारा विद्युत बिलों की राशि नियमित रूप से जमा की जावें, विद्युत का अनाधिकृत उपयोग नहीं किया जावे, एवं ऐसे शासकीय आवास जिन पर विद्युत देयकों का बकाया है उनमें निवासरत अधिकारियों/कर्मचारियों की सूची इस कार्यालय को उपलब्ध कराई जायें अन्यथा उनके विरूद्ध विद्युत अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जा सकती है।
एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज