कलेक्टर ने सोयाबीन फसल क्षति सर्वे के दिए निर्देश,सर्वे से कोई भी प्रभावित किसान न छूटे – कलेक्टर

सीहोर, एमपी विश्वास न्यूज
सीहोर। टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर बालागुरू के. ने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को जिले में अतिवर्षा से सोयाबीन फसल को हुई क्षति का खेतों में जाकर सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रभावित किसान सर्वे से न छूटे। उन्होंने सर्वे की रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने सभी जनपद सीईओ तथा नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देश दिये कि संबंल योजना के पात्र हिग्राहियों को अनुग्रह राशि का भुगतान समय पर हो सके इसके लिये जिस परिवार में मुखिया की मृत्यु हुई है, उस परिवार को अनुग्रह राशि दिलाने के लिये शीघ्र आवेदन की कार्यवाही की जाये।

बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने दुर्गा उत्सव के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सलकनपुर में सभी अधिकारी ड्यूटी पर उपस्थित रहें और आवागमन, पूजा अर्चना की गतिविधियों को सुगमता से संचालित करें। उन्होंने कहा कि उत्सव के समापन पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन घाटों पर लाइट, क्रेन, गोताखोर, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। इसके साथ ही सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रतिमा विसर्जन केवल निर्धारित स्थानों पर ही किया जाये। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश के दौरान जोखिम पूर्ण पर्यटन स्थलों पर लोगों को जाने से रोकें।

कलेक्टर बालागुरू के ने बैठक में सेवा पखवाड़ा के तहत जिले में 17 सितम्बर से जिले में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित की जा रही गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम निर्धारित तिथि एवं समय पर किये जायें। उन्होंने सभी गतिविधियों, कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिदिन की गतिविधियों को पोर्टल पर अपलोड भी किया जाये। इसके साथ ही कलेक्टर श्री बालागुरू के ने वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों संपरिवर्तन, विभिन्न परियोजनाओं के लिये भू अर्जन एवं मुआवजा वितरण टीएल प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, रविंद्र परमार, एसडीएम तन्मय वर्मा, श्रीमती स्वाति मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज