“मेलॉडी खाओ और महंगाई भूल जाओ” — कांग्रेस का भाजपा सरकार पर तीखा हमला,
चॉकलेट बांटकर किया विरोध प्रदर्शन

सीहोर। एमपी विश्वास न्यूज
सीहोर। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के आसमान छूते दामों, बिजली-पानी की बदहाल व्यवस्था और नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने सीहोर में अनोखे अंदाज में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के व्यस्त बस स्टैंड और पटेल पेट्रोल पंप क्षेत्र में राहगीरों, किसानों और आम लोगों को मेलॉडी चॉकलेट बांटकर सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि आज देश की जनता कमरतोड़ महंगाई से परेशान है, लेकिन भाजपा सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री की इटली यात्रा और जॉर्जिया मेलोनी को मेलॉडी टॉफी गिफ्ट किए जाने पर तंज कसते हुए कहा कि अब भाजपा चाहती है कि जनता भी “मेलॉडी खाए और महंगाई भूल जाए।”

“एक हफ्ते में पांच बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम”
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीते एक सप्ताह में पेट्रोल-डीजल के दाम पांच बार बढ़ाए गए, जिससे परिवहन से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक हर चीज महंगी हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार को जनता की तकलीफों से कोई सरोकार नहीं है।

एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज