Breaking News

जल है जीवन का आधार, संरक्षण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी – प्रभारी मंत्री श्रीमती गौर

मां नर्मदा पूजन, कलश यात्रा और जल संरक्षण शपथ के साथ संपन्न हुआ कार्यक्रम

गंगा दशहरा पर जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नर्मदा आंवलीघाट में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

सीहोर, एमपी विश्वास न्यूज

सीहोर।जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशहरा के अवसर पर सीहोर जिले के नर्मदा आंवलीघाट पर जिला स्तरीय जल संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि जल सृष्टि का आधार है और बिना जल के जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। जल ही जीवन को संतुलन और समृद्धि प्रदान करता है। यदि आज जल संरक्षण के प्रति गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को जल संकट जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। इसलिए जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। गांव तथा नगरों में नदी, तालाब, बावड़ी, कुएं और पोखरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जाने की आवश्यकता है। जल गंगा संवर्धन अभियान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में जन आंदोलन बन गया है और इसके सार्थक परिणाम दिखाई दे रहे हैं। प्रभारी मंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि आने वाली पीढ़ी के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण एवं जल का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। वर्षा जल को अधिक से अधिक रोककर धरती के भीतर पहुंचाने के प्रयास किए जाने चाहिए। साथ ही अधिकाधिक वृक्षारोपण भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक का योगदान महत्वपूर्ण है और सामूहिक सहभागिता से ही इस दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि गुड़ी पड़वा से प्रारंभ हुआ जल गंगा संवर्धन अभियान 30 जून तक संचालित किया जा रहा है। इस अवधि में सीहोर जिले में अभियान को जन आंदोलन के रूप में संचालित करते हुए आम नागरिकों को व्यापक रूप से जोड़ा गया है तथा जल संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं।

कार्यक्रम के आरंभ में प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की तथा कलश यात्रा में शामिल हुईं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उन्होंने उपस्थित नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री राजेंद्र सिंह राजपूत तथा जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जन यादव ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में बुधनी जनपद अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, रेहटी नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल, कलेक्टर बालागुरु के, एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना, जिला वन मंडलाधिकारी श्रीमती अर्चना पटेल, सलकनपुर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय, लिखीराम यादव, अरविंद दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।

About राजेश माँझी

Check Also

🔥 रबी की बुआई की तैयारी में जुटा किसान, लेकिन बिजली गुल! आखिर गांवों में ही क्यों हो रही लोड शेडिंग?

⚡ खेतों में पानी देने के लिए बिजली की जरूरत, रात में भी कटौती से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *