Breaking News

पोषण, गुणवत्ता और स्वाद की हुई परख: इछावर में कुक कम हेल्पर कुकिंग प्रतियोगिता,

दुर्गपुरा अनुज स्व-सहायता समूह प्रथम

इछावर | एमपी विश्वास न्यूज

इछावर।प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत बुधवार को जनपद पंचायत इछावर परिसर में कुक कम हेल्पर कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य शासकीय विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाली कुक-कम-हेल्परों(रसोइया-सह-सहायिका) के कौशल को निखारना, भोजन की गुणवत्ता में सुधार लाना तथा विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

प्रतियोगिता में जनपद क्षेत्र के लगभग 30 स्व-सहायता समूहों ने भाग लिया। सभी समूहों ने स्थानीय खाद्य सामग्री से पौष्टिक, संतुलित एवं स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर अपनी पाक-कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। तैयार व्यंजनों का मूल्यांकन स्वाद, पौष्टिकता, स्वच्छता, प्रस्तुतीकरण और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया।

प्रतियोगिता के लिए 5 से 6 सदस्यीय निर्णायक दल का गठन किया गया, जिसमें जनपद पंचायत सीईओ रोशाली पोरस, शिक्षा समिति के अध्यक्ष प्रतिनिधि शंकर जायसवाल, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश वर्मा,बीआरसीसी सुभाष चंद्र दुबे तथा अरुण मुकाती शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने सभी व्यंजनों का बारीकी से निरीक्षण कर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले समूहों का चयन किया।

प्रतियोगिता में दुर्गपुरा अनुज स्व-सहायता समूह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और ₹5,000 की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। धामंदा स्व-सहायता समूह ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर ₹3,000 का पुरस्कार हासिल किया, जबकि शिवपुरी ढाबला माता स्व-सहायता समूह को तृतीय स्थान के लिए ₹2,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण, संतुलित और पौष्टिक आहार सुनिश्चित करना है। ऐसी प्रतियोगिताएं कुक-कम-हेल्परों के आत्मविश्वास और कार्यकुशलता को बढ़ाने के साथ-साथ विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

About राजेश माँझी

Check Also

🔥 रबी की बुआई की तैयारी में जुटा किसान, लेकिन बिजली गुल! आखिर गांवों में ही क्यों हो रही लोड शेडिंग?

⚡ खेतों में पानी देने के लिए बिजली की जरूरत, रात में भी कटौती से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *