Breaking News

मंडी में किसानों की जेब पर डाका! बड़े कांटे पर तौल, फिर भी 8 रुपए बोरा हम्माली की कटौती

मंडी में किसानों का फूटा गुस्सा, व्यापारियों की मनमानी पर उठे सवाल

पक्का बिल भी नहीं दे रहे व्यापारी, किसानों ने मंडी सचिव को सौंपा शिकायत पत्र; एसडीएम स्वाति मिश्रा ने 23 तारीख को बुलाई व्यापारियों और हम्मालों की बैठक

इछावर, एमपी विश्वास न्यूज।
संपर्क,9200718280

इछावर किसानों की मेहनत की कमाई पर मंडी में किस तरह अतिरिक्त कटौती की जा रही है, इसका एक मामला नगर की कृषि उपज मंडी में सामने आया है। यहां अपनी उपज बेचने पहुंच रहे किसानों का आरोप है कि बड़े इलेक्ट्रॉनिक कांटे (धर्मकांटे) पर तौल होने के बावजूद व्यापारियों द्वारा प्रति बोरा 8 रुपये के हिसाब से हम्माली काटी जा रही है। इतना ही नहीं, किसानों को खरीदी का पक्का बिल देने के बजाय कच्ची पर्ची थमाई जा रही है।

व्यापारियों की इस कथित मनमानी से नाराज किसानों ने बुधवार को मंडी परिसर में विरोध जताते हुए मंडी प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और मंडी सचिव को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

बड़े कांटे पर तौल, फिर हम्माली किस बात की?

किसानों का कहना है कि जब मक्का सहित अन्य उपज की तौल सीधे बड़े इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर की जा रही है, तो प्रति बोरा 8 रुपये हम्माली के नाम पर काटना समझ से परे है। किसानों के मुताबिक, एक ट्रॉली में कई बोरे होते हैं और इस हिसाब से प्रत्येक किसान को सैकड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

गांव जामली के गेलसिंह, मोयापानी के रामरतन, जितेंद्र और इछावर के अनिल राठी सहित अन्य किसानों ने आरोप लगाया कि जब वे इस कटौती का विरोध करते हैं, तो कुछ व्यापारी उपज खरीदने में आनाकानी करते हैं या कम भाव लगाने की बात करते हैं। ऐसे में किसान मजबूरी में अतिरिक्त राशि कटवाने को विवश हो रहे हैं।

पक्के बिल की जगह थमाई जा रही कच्ची पर्ची

मंडी में किसानों की परेशानी केवल हम्माली कटौती तक सीमित नहीं है। किसानों ने एक और गंभीर मुद्दा उठाया है। उनका आरोप है कि उपज बेचने के बाद कई व्यापारी उन्हें खरीदी का पक्का बिल नहीं देते, बल्कि कच्ची पर्ची देकर चलता कर देते हैं।

इससे किसानों के पास अपनी उपज की बिक्री का वैध दस्तावेज नहीं रहता। भविष्य में भुगतान संबंधी विवाद या सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के दौरान भी परेशानी खड़ी हो सकती है। किसानों ने मंडी प्रशासन से इस व्यवस्था पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

आदित्य राठी के नेतृत्व में किसानों ने उठाई आवाज

समाजसेवी एवं किसान आदित्य राठी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने मंडी सचिव से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। किसानों ने मांग की कि बड़े कांटे पर तौल के बावजूद की जा रही हम्माली कटौती की जांच हो, किसानों से अब तक काटी गई राशि वापस दिलाई जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पक्के बिल देना अनिवार्य कराया जाए।

23 तारीख को होगी बैठक, एसडीएम ने दिया कार्रवाई का भरोसा

मामले में इछावर एसडीएम स्वाति मिश्रा ने बताया कि किसानों ने बड़े कांटे पर तौल के बाद भी हम्माली काटे जाने और कुछ व्यापारियों द्वारा पक्का बिल नहीं दिए जाने की शिकायत की है। इस संबंध में उन्हें जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि 23 तारीख को मंडी के सभी व्यापारियों और हम्मालों की बैठक बुलाई गई है। बैठक में चर्चा के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब बड़ा सवाल यह है कि मंडी में किसानों की उपज की तौल के नाम पर हो रही कटौती और पक्के बिल नहीं देने की शिकायतों पर प्रशासन कितना गंभीर कदम उठाता है?

क्या किसानों को उनकी मेहनत की पूरी कीमत मिल पाएगी या फिर मंडी में यह कथित मनमानी आगे भी जारी रहेगी?

About राजेश माँझी

Check Also

तीन माह का वेतन नहीं मिलने पर 13 आउटसोर्स कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, मंत्री का काफिला रोककर बताई समस्या

इछावर, एमपी विश्वास न्यूजसंपर्क,9200718280 इछावर। सिविल अस्पताल इछावर में कार्यरत 13 आउटसोर्स मल्टीटास्क वर्कर पिछले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *