राजस्व मंत्री ने गोवर्धन पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
विकास के साथ संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण-संवर्धन भी सरकार का दायित्व – राजस्व मंत्री वर्मा
कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ भी शामिल हुए गोवर्धन पूजा में

सीहोर, एमपी विश्वास न्यूज
संपर्क,9209718280
सीहोर।राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा आज गोवर्धन पर्व के अवसर पर इछावर तहसील के ग्राम भाऊखेड़ी में आयोजित गोवर्धन पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना की तथा जिले और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कलेक्टर बालागुरु के एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव भी गोवर्धन पूजा में शामिल हुए। राजस्व मंत्री वर्मा ने कृष्ण गौशाला पहुंचकर गौ माता की पूजा-अर्चना की और गौ सेवा के महत्व को बताया।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रत्येक पर्व और त्योहार का अपना विशेष महत्व है। ये पर्व समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, सहयोग और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के प्रति सम्मान एवं संरक्षण का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा के माध्यम से प्रकृति और गौवंश के महत्व को समाज के सामने प्रस्तुत किया था। आज भी यह परंपरा हमें प्रकृति के संरक्षण और जीवमात्र के प्रति संवेदनशील रहने की प्रेरणा देती है।

राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसहयोग से विकास और सांस्कृतिक संरक्षण के कार्यों को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा रही है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना भी है। उन्होंने नागरिकों से अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने, गौ सेवा एवं संरक्षण में सहभागिता निभाने तथा समाज के कल्याण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए पर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को भी रेखांकित किया।

एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज