Breaking News

जिला पंचायत सीईओ ने की इछावर जनपद में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा

विकास कार्यो और योजनाओं में प्रगति कम पाए जाने पर 13 ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं जीआरएस को कारण बताओ नोटिस जारी

दो दिनों में प्रगति नहीं पाए जाने पर की जाएगी निलंबन की कार्रवाई – जिला पंचायत सीईओ

सीहोर।जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने इछावर जनपद पंचायत के सभाकक्ष में बैठक आयोजित कर इछावर जनपद में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान, आवास योजना, समग्र ईकेवाईसी, नल जल योजना, वृक्षारोपण, मनरेगा, एसबीएम, एनआरएलएम एवं आयुष्मान कार्ड सहित सभी विभागीय योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की और संबंधितों को कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं में प्रगति कम पाए जाने पर इछावर जनपद की 13 ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए। इसके साथ ही निर्देश दिए कि दो दिनों के भीतर प्रगति कम पाए जाने पर उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक एवं निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

समग्र ईकेवाईसी के कार्य की समीक्षा

जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने समीक्षा बैठक के दौरान नगर परिषद इछावर के वार्ड क्रमांक 08, 11, 12 में समग्र ईकेवाईसी की प्रगति कम पाए जाने पर सीएमओ को निर्देश दिए कि वार्ड प्रभारियों से एक सप्ताह में लक्ष्य के अनुसार समग्र ईकेवाईसी का कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने एक सप्ताह में समग्र ईकेवाईसी के कार्य में प्रगति नही होने पर वार्ड प्रभारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश दिये। जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने ग्राम पंचायत वीरपुरडेम, लोहापठार एवं कालापीपल के सचिव एवं जीआरएस को समग्र ईकेवाईसी के कार्य में प्रगति नहीं पाए जाने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर दो दिनों के भीतर प्रगति लाने के निर्देश दिए। दो दिनों के भीतर प्रगति नहीं पाए जाने पर इनके विरूद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही समग्र ईकेवाईसी में इछावर जनपद की 80 प्रतिशत से कम प्रगति वाली ग्राम पंचायतों को दो दिनों के भीतर लक्ष्य की पूर्ति करने के निर्देश दिए।

जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा

जिला पंचायत सीईओ ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा के दौरान अभियान के तहत लक्ष्य अनुसार खेत तालाब एवं डगवेल की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिये कि पहले के वर्षों से जो कार्य अपूर्ण है उन्हें जल्द पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही न्यूनतम प्रगति वाली ग्राम पंचायतों वीरपुरडेम, अविदाबाद, कांकरखेडा, बोरदीकला, गाजीखेडी, कालापीपल, ईटखेडा, लोहापठार के सचिव एवं जीआरएस को कम प्रगति पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। दों दिवसो के भीतर प्रगति नही होने पर इनके विरूद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

पीएम आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत प्रगति लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही न्यूनतम प्रगति वाली ग्राम पंचायत बलोडिया, वीरपुरडेम, अविदाबाद, कांकरखेडा, बोरदीकला, गाजीखेडी, कालापीपल, ईटखेडा, लोहापठार, बावडियाचौर, अमलाह, भाऊखेडी के सचिव एवं जीआरएस को प्रगति नहीं पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। एक सप्ताह के भीतर प्रगति नही होने पर इनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओ में ग्राम पंचायत अविदाबाद, लोहापठार, कालापीपल, एवं वीरपुरडेम द्वारा प्रगति नही पाए जाने पर सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायको को कारण बताओ नोटिस जारी कर 07 दिवसों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। सात दिवस में प्रगति नहीं पाये जाने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी।

यह थे उपस्थित

बैठक में जनपद सीईओ, परियोजना अधिकारी प्रधानमंत्री आवास, परियोजना अधिकारी मनरेगा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, सम्बंधित सीएफटी प्रभारी, सहायकयंत्री, एपीओ, ब्लॉक समन्वयक, पीएमएवायजी ब्लॉक समन्वयक, एसबीएम, उपयंत्री, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

About राजेश माँझी

Check Also

ग्राम आबिदाबाद में किया गया साधारण सभा का आयोजन।

22 ग्रामों की लगभग 250 दीदीयो की उपस्थिति रही। इछावर,एमपी विश्वास न्यूजसंपर्क,9200718280 इछावर।मंगलवार को ग्राम …