सीहोर मण्डी में प्याज के भाव 40 पैसे प्रति किलो,40 किलो की एक कट्टी का दाम 10 रुपए
प्याज के औने-पौने दाम मिलने से किसान बुरी तरह टूटा, 50 कट्टियों की पूरी प्याज सड़क पर फेंक दी
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर में किसान के बुरे हाल, प्याज़ को भावन्तर योजना में शामिल करने की मांग

सीहोर/मध्य प्रदेश। एमपी विश्वास न्यूज
सीहोर।मध्य प्रदेश के सीहोर जिले से किसानों की बेबसी की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। जिले के किसानों ने प्याज के अत्यंत कम दाम मिलने से परेशान होकर अपनी पूरी 50 कट्टियों की प्याज सड़क पर फेंक दी। किसान सुबह सीहोर मंडी प्याज बेचने पहुंचा, लेकिन वहां 40 किलो की एक कट्टी का दाम मात्र 10 रुपये लगा। यानी प्याज के भाव सिर्फ 40 पैसे प्रति किलो।
इतना कम मूल्य मिलने से किसान का ट्रॉली-ट्रैक्टर का भाड़ा तक नहीं निकल पाया। किसान का कहना है कि इस दाम पर प्याज बेचना, मानो मेहनत का मज़ाक उड़ाने जैसा है। यही कारण है कि उसने पूरी प्याज मंडी परिसर के बाहर और सड़क पर फेंकने का फैसला किया।
किसान ने कहा- रेट नहीं मिला, 200 कट्टी प्याज फेंक दी
रामाखेड़ी के किसान जसरथ सिंह मेवाड़ा ने बताया कि उन्होंने दो एकड़ में प्याज लगाई, लेकिन मंडी में 10 रुपए प्रति कट्टी भाव मिला, जबकि खाली कट्टी ही 11 रुपए की है, इसलिए पूरी प्याज फेंक दी। इसी गांव के मोतीलाल, लखन मेवाड़ा और फूल सिंह ने भी कम भाव के कारण प्याज फेंक दी। बुधवार को तोरनिया के किसान सोहन वर्मा ने 50 कट्टियां सड़क पर फेंकी, क्योंकि 50 किलो की कट्टी का भाव सिर्फ 10 रुपए मिला।

एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज