Breaking News

प्रत्येक व्यक्ति के स्वयं के पक्के घर के सपने को साकार कर रही है सरकार – कलेक्टर बालागुरू के.

आवास की राशि का अन्य कार्यों में उपयोग न करें हितग्राही – कलेक्टर

पीएम आवास योजना के तहत जिले का अंतिम हितग्राही सम्मेलन आयोजित

सीहोर, एमपी विश्वास न्यूज
सीहोर, 04 अप्रैल, 2025

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत इछावर जनपद के ग्राम दुर्गपुरा कलस्टर में 30 पंचायतों के हितग्राहियों का सम्मेलन आयोजित किया किया गया। इस हितग्राही सम्मेलन में कलेक्टर बालागुरू के. तथा जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने हितग्राहियों को आवास निर्माण के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक किया। इसके साथ ही जिन हितग्राहियों तकनीकि समस्याओं के कारण योजना का लाभ नही मिल पा रहा था, उनकी समस्याओं का निराकरण भी किया गया। इस दौरान मकान का नक्शा, लेआउट सहित चरण दर चरण निर्माण की पूरी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर कलेक्टर बालागुरू के.ने हितग्राहियों को संबोधित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता हैं कि उसके पास अपना खुद का पक्का आवास हो। अपने स्वयं के आवास के लिए व्यक्ति दिन रात मेहनत करता है, तब कहीं जाकर वह अपना स्वयं का आवास बना पाता है। उन्होंने कहा कि पीएम आवास योजना से हितग्राहियों को जो राशि मिलती है, उसका उपयोग आवास बनाने में ही करें, उसे अन्य कार्यों में व्यय न करें। उन्होंने कहा कि जब आप मकान बनाने के लिए सामग्री खरीदने जाएं तो सामूहिक रूप से मिलकर मकान बनाने की सामग्री खरीदें। इससे सामग्री खरीदी पर बचत तो होगी ही बल्कि अधिक परिवहन और मजदूरी का खर्चा भी बचेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने कहा कि सभी हितग्रा‍ही आवास की राशि मिलने के बाद समय पर अपने आवास का कार्य पूर्ण करें तथा योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या के निराकरण के लिए जिला पंचायत या जनपद पंचायत में संपर्क करें। उनकी समस्या का त्वरित निराकरण किया जाएगा।

हितग्राही सम्मेलन में हितग्राहियों को बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए सीहोर जिले को 24,388 आवासों का नवीन लक्ष्य प्राप्त हुआ है। हितग्राही सम्मेलन में हितग्राहियों को बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत प्रथम किस्त में प्लिंथ निर्माण के लिए 25,000 रूपये, दूसरी किस्त में दीवार चुनाई के लिए 40,000 रूपये, तीसरी किस्त में छत निर्माण के लिए 40,000 रूपये, चौथी किस्त में मनरेगा एवं मजदूरी भुगतान के लिए 35,000 रूपये की राशि प्रदान की जाती है। सम्मेलन में स्वच्छ भारत मिशन के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसी प्रकार जिले के सभी जनपदों में कलस्टर लेवल पर हितग्राही सम्मेलन आयोजित किए गए।

उल्लेखनीय है कि विगत कई दिवसों में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत जिले को प्राप्त लक्ष्य को समय सीमा में पूरा करने के लिए जिले की सभी जनपदों में क्लस्टर लेवल पर प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के सम्मेलन आयोजित किए गए हैं। ताकि प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास निर्माण के बारे में विस्तृत जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया जा सके तथा आवासों का निर्माण समय सीमा में हो सके। इस अवसर पर इछावर एसडीएम जमीन खान, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती शिवानी मिश्रा, प्रधानमंत्री आवास प्रभारी, मनरेगा अधिकारी, उपयंत्री, पंचायत सचिव, ग्राम पंचायतों के रोजगार सहायक, राजमिस्त्री का कार्य करने वाले आजीविका ग्रुप एवं हितग्राही उपस्थित थे।

About राजेश माँझी

Check Also

भाजपा स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में में विधायक कार्यालय में कार्यक्रम

भाजपा स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में में विधायक कार्यालय में कार्यक्रम पानी पिलाने और आग …