बड़ी ख़बर
शिवराज सिंह चौहान ने कल सीहोर में अधिकारियों के रवैए पर नाराजगी जताई थी, आज छुट्टी के दिन डीएफओ को हटाया,
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की नाराजगी के बाद सीहोर डीएफओ को हटाया
लघुवानोपज संघ की उप वन संरक्षक अर्चना पटेल को सीहोर डीएफओ बनाया गया है।

सीहोर/भोपाल, एमपी विश्वास न्यूज
भोपाल। आदिवासियों को वन क्षेत्र की जमीन से हटाने की करवाई से भड़के केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की नाराजगी के बाद रविवार को सीहोर वन मंडल के वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) मगन सिंह डाबर को हटा दिया गया है। उनकी जगह लघुवानोपज संघ की उप वन संरक्षक अर्चना पटेल को सीहोर डीएफओ बनाया गया है।
शनिवार को सीहोर कलेक्ट्रेट सभागार में दिशा की बैठक के दौरान सैकड़ों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग शिवराज सिंह चौहान से मिलने पहुंचे थे। आदिवासियों का आरोप था कि खिवनी अभयारण्य क्षेत्र में वन विभाग के अधिकारियों द्वारा आदिवासियों के मकान तोड़ने और जमीन से बेदखल करने की कार्रवाई की गई है।
जिस पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अधिकारियों पर भड़क गए। रविवार को शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर आदिवासियों पर की कार्रवाई को लेकर चर्चा की और अधिकारियों के रवैए पर नाराजगी जताई। इसके कुछ घंटे बाद ही सीहोर डीएफओ को हटाने के आदेश जारी कर दिए।
एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज