Breaking News

संकुल प्राचार्य का औचक निरीक्षण: दो अतिथि शिक्षक अनुपस्थित, एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश

संकुल प्राचार्य का औचक निरीक्षण: दो अतिथि शिक्षक अनुपस्थित, एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश

माध्यमिक शाला लोटिया, माध्यमिक शाला सोहन खेड़ा, हाई स्कूल सोहन खेड़ा, प्राथमिक शाला बड़ी बीड का किया निरीक्षण

संकुल केन्द्र ब्रिजिश नगर
ब्रिजिश नगर/इछावर, एमपी विश्वास न्यूज

ब्रिजीशनगर /इछावर।शैक्षणिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विद्यालयों में अनुशासन की वास्तविक स्थिति जानने के उद्देश्य से संकुल प्राचार्य बाबूलाल मालवीय ने क्षेत्र के कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में माध्यमिक शाला लोटिया, माध्यमिक शाला सोहनखेड़ा, हाई स्कूल सोहनखेड़ा, और प्राथमिक शाला बड़ी बीड़ शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान मालवीय द्वारा विद्यालयों की उपस्थिति, शिक्षण कार्य, अभिलेखों का रखरखाव, स्वच्छता व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के अध्ययन स्तर का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकांश विद्यालयों में व्यवस्थाएँ संतोषजनक पाई गईं, किन्तु कुछ स्थानों पर लापरवाही भी सामने आई।

माध्यमिक शाला लोटिया में अतिथि शिक्षक मधुरम राठौर निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित नहीं मिले। इसी प्रकार हाई स्कूल सोहनखेड़ा में अतिथि शिक्षिका श्रीमती संध्या वर्मा भी अनुपस्थित पाई गईं। दोनों शिक्षकों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए संकुल प्राचार्य ने तत्काल प्रभाव से एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी कर दिए।

मालवीय ने कहा कि शिक्षण कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को भी निर्देशित किया कि वे समय-सीमा, शिक्षण गुणवत्ता तथा विद्यार्थियों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण नियमित रूप से किए जाएंगे, और यदि किसी विद्यालय या शिक्षक द्वारा लापरवाही पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों से भी संवाद किया गया, जिसमें कई छात्रों ने पढ़ाई-लिखाई और कक्षाओं के संचालन पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। संकुल प्राचार्य ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ने तथा उपलब्ध संसाधनों का पूरा उपयोग करने हेतु प्रेरित किया।

इस औचक निरीक्षण से शिक्षण संस्थानों में जिम्मेदारी और अनुशासन को लेकर एक सकारात्मक संदेश गया है, जिससे आगामी दिनों में विद्यालयों की कार्यप्रणाली और भी बेहतर होने की उम्मीद है।

About राजेश माँझी

Check Also

थाना जावर पुलिस ने की बडी मात्रा में अवैध शराब परिवहन पर कार्यवाही | पुलिस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *