Breaking News

सड़क पर हर नागरिक की सुरक्षा सर्वोपरि है – कलेक्टर

सड़क पर हर नागरिक की सुरक्षा सर्वोपरि है – कलेक्टर

शराब पीकर वाहन चलाने वाले 12 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित

यातायात नियमों के उल्लंघन 13 हजार से अधिक उल्लंघनकर्ताओं पर 72 लाख से अधिक की चालानी कार्रवाई

सीहोर, एमपी विश्वास न्यूज

सीहोर।जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण करने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि सड़क पर हर नागरिक की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर बालागुरू के. ने कहा कि ओवरस्पीडिंग सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है, इसलिए हाईवे और प्रमुख मार्गों पर टोल नाकों के पास स्पीड रडार गन के माध्यम से तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि जिले की सभी मुख्य एवं ग्रामीण सड़कों का भौतिक सर्वे किया जाए और जहां कहीं संकेतक, रिफ्लेक्टर, डिवाइडर या स्पीड ब्रेकर की आवश्यकता हो, वहां तत्काल व्यवस्था की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी पुल, पुलिया और सड़कें सही स्थिति में हों तथा क्षतिग्रस्त संरचनाओं की शीघ्र मरम्मत कराई जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि सीहोर नगर सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में सड़कों पर यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों को चिन्हित कर सुनियोजित तरीके से हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें, ब्लैक स्पॉट चिन्हित करें और वहां विशेष सुरक्षा उपाय करें। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, जिसमें स्कूल-कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को नियमों की जानकारी दी जाए।

बैठक में यातायात प्रभारी बृजमोहन धाकड़ ने जानकारी दी कि विगत दस माह में यातायात नियमों के उल्लंघन पर 13,821 उल्लंघनकर्ताओं पर 72 लाख 72 हजार 663 रूपये की चालानी कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वाले 12 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

कलेक्टर बालागुरू के. ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक सामूहिक दायित्व है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें, नियमित मॉनिटरिंग करें और प्रत्येक माह प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके साथ ही आमजन से भी अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

दुर्घटना में जान बचाने वालों को राहवीर योजना के तहत कराएं पुरस्कृत

बैठक में कलेक्टर ने ‘राहवीर योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले नागरिक को शासन द्वारा सम्मानित किया जाता है। ऐसे व्यक्ति से किसी प्रकार की पुलिस पूछताछ नहीं की जाती और समिति के निर्णय के उपरांत उन्हें 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग मानवता के इस कार्य के लिए आगे आएं।

About राजेश माँझी

Check Also

ब्रिजिश नगर में श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया, कन्या भोज व भजन संध्या का आयोजन

ब्रिजिश नगर में श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया, कन्या भोज व …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *