श्री सोनखेड़ी बालाजी धाम में सुंदरकाण्ड पाठ के साथ मनाया जन्मदिवस, नई पीढ़ी को दिया संस्कारों का संदेश
जिले का एक मात्र उत्तर मुखी हनुमान मंदिर सेमली जदीद में स्थित

सीहोर। एमपी विश्वास न्यूज
सीहोर।इछावर निवासी नरेन्द्र भाई ठाकुर एवं कपिल शर्मा ने अपना जन्मदिवस धार्मिक वातावरण में मनाते हुए एक प्रेरणादायी पहल की। उन्होंने सीहोर जिले के ग्राम सेमली जदीद में स्थित श्री सोनखेड़ी बालाजी धाम (उत्तर-मुखी हनुमान जी मंदिर) में सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन कर जन्मदिवस मनाया और नई पीढ़ी को धर्म, संस्कार और भक्ति से जुड़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर रामानंद मंडल इछावर द्वारा संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए। पाठ के उपरांत भगवान हनुमान जी की विशेष आरती की गई।

कार्यक्रम में आस-पास के गांवों के, मुवाड़ा,खेजडा एवं इछावर नगर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सुंदरकाण्ड पाठ के समापन के बाद सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के लिए भोज प्रसादी का आयोजन भी किया गया।

जिले का एक मात्र उत्तर मुखी हनुमान मंदिर सेमली जदीद में स्थित
सेमली जदीद में स्थित श्री सोनखेड़ी बालाजी धाम बना श्रद्धा का प्रमुख केंद्र
सीहोर जिले के ग्राम सेमली जदीद में स्थित श्री सोनखेड़ी बालाजी धाम क्षेत्र में गहरी आस्था और श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है। यह मंदिर जिले का एकमात्र ऐसा मंदिर माना जाता है, जहाँ भगवान हनुमान/बालाजी जी की प्रतिमा पूर्णतः उत्तर दिशा की ओर मुख करके स्थापित है।
मान्यताओं के अनुसार यह मंदिर अत्यंत प्राचीन काल से अस्तित्व में है और यहाँ विराजमान उत्तर-मुखी हनुमान जी की चमत्कारिक साक्षात प्रतिमा कई वर्षों से भक्तों की आस्था का केंद्र बनी हुई है। स्थानीय श्रद्धालुओं का विश्वास है कि उत्तर दिशा में विराजित हनुमान जी की पूजा करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है और भक्तों के कष्ट दूर होते हैं।


एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज