खुटिया खेड़ी में 80 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या से सनसनी, पुलिस ने पोते सुमित वर्मा को किया गिरफ्तार
सीहोर। एमपी विश्वास न्यूज। संपर्क: 9200718280
सीहोर।बिलकिसगंज थाना पुलिस ने ग्राम खुटिया खेड़ी में 80 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए मृतक के पोते को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने व्यक्तिगत मामलों में दादा की रोक-टोक और परिजनों को बात बताने के दबाव के चलते वारदात को अंजाम दिया।
06 अगस्त 2026 को मिला था बुजुर्ग का शव
ग्राम खुटिया खेड़ी में खेत पर बने मकान से 80 वर्षीय हरिनारायण वर्मा का शव मिला था। मृतक के मुंह और गले पर चोट के निशान पाए गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और बयानों का बारीकी से विश्लेषण किया गया।
पोते से पूछताछ में खुला हत्या का राज
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पोते सुमित वर्मा पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसके बयानों में विरोधाभास सामने आया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। अकेला पाकर गला दबाया, फिर शव को खाट पर लिटाया पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन सुमित ने दादा को अकेला पाकर उनका गला दबा दिया। इसके बाद शव को खाट पर लिटाकर कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। पुलिस का कहना है कि बाद में आरोपी परिजनों के साथ बुजुर्ग को तलाशने का नाटक करता रहा।
आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने मामले में सुमित वर्मा पिता महेश वर्मा, उम्र 26 वर्ष, निवासी खुटिया खेड़ी को गिरफ्तार किया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका प्रकरण के त्वरित खुलासे में एसडीओपी सीहोर सुश्री पूजा शर्मा के मार्गदर्शन में सहायक उपनिरीक्षक देवीप्रसाद सेनी, श्यामलाल वर्मा, प्रधान आरक्षक सुनील वर्मा, तेजपाल, अशोक यादव तथा आरक्षक अरुण, संतोष, अंकित, प्रमोद एवं कुलदीप की सराहनीय भूमिका रही।