Breaking News

जल संरक्षण केवल अभियान नहीं, जनभागीदारी का संकल्प: राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा

ग्राम सतपिपलिया में जल गंगा संवर्धन अभियान का जिला स्तरीय समापन, तालाब में किया श्रमदान और पौधरोपण

सीहोर | एमपी विश्वास न्यूज

सीहोर।सीहोर जिले में 19 मार्च से 30 जून तक चले जल गंगा संवर्धन अभियान का जिला स्तरीय समापन सोमवार को ग्राम सतपिपलिया में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने तालाब में श्रमदान किया, पौधरोपण किया तथा जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जल का प्रत्येक स्रोत हमारी अमूल्य धरोहर है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि जल गंगा संवर्धन अभियान को 30 जून तक सीमित न मानें, बल्कि पूरे वर्ष वर्षा जल संचयन, पौधरोपण, जल स्रोतों की सफाई और संरक्षण जैसे कार्यों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उनका कहना था कि आज जल बचाना ही आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित करना है।

राजस्व मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान जिले में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता से जल संरक्षण के अनेक कार्य किए गए।

इनमें चेक डैम निर्माण, तालाबों का गहरीकरण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, जल गुणवत्ता परीक्षण, पौधरोपण, पाइपलाइन सुधार, प्याऊ स्थापना और जल स्रोतों के संरक्षण जैसे कार्य प्रमुख रहे। साथ ही जल चौपाल, जागरूकता रैली, प्रभात फेरी, कलश यात्रा और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम, जनपद पंचायत के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

About राजेश माँझी

Check Also

🚨 रेत माफिया की रफ्तार ने उजाड़ा परिवार: पति की मौत,

पत्नी हुई अपाहिज; अब न्याय के लिए दर-दर भटक रही शर्मिला सीहोर, एमपी विश्वास न्यूज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *