किसान का तीसरे दिन भी जल सत्याग्रह, बीमा राशि की मांग पर धरना जारी।

सीहोर/भोपाल,एमपी विश्वास न्यूज
सीहोर/भोपाल। भोपाल -सीहोर जिले के किसानों का जल सत्याग्रह लगातार तीसरे दिन भी जारी है। किसान अपनी खराब हुई फसल का बीमा भुगतान न मिलने के विरोध में कुलासी नदी भोपाल तालाब, पार्वती नदी,पारवां नदी में धरना दे रहे हैं। किसान व समाजसेवी एमएस मेवाड़ा के नेतृत्व में यह आंदोलन भोपाल और सीहोर जिले के विभिन्न गांवों की नदियों में चल रहा है।
किसानों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों से उनकी सोयाबीन की फसल लगातार खराब हो रही है, लेकिन बीमा राशि नहीं मिली। किसानों का आरोप है कि बीमा कंपनी और सरकार उनके हक का भुगतान करने में लगातार विफल रही है। किसान बता रहे हैं कि उनकी केसीसी खाते से हर छह महीने में बीमा की कटौती होती है, लेकिन उन्हें पूरा मुआवजा नहीं मिला। सरकार केसीसी से बीमा राशि काटना बंद करें या बीमा की राशि का भुगतान करें।
किसानों के आर्थिक स्थिति हो रही खराब
किसान दौलत सिंह मेवाड़ा और गोविंद सिंह सोनी का कहना है कि फसलें खराब होने के बावजूद बीमा राशि नहीं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ रही है। उनका मानना है कि सरकार और बीमा कंपनी किसानों को धोखा दे रही हैं और उनके मेहनत की कमाई का पूरा हक नहीं दे रही।
शासन प्रशासन नहीं ले रहा सुध
धरना प्रदर्शन में किसान न केवल अपनी मांगों को उठाते हुए विरोध कर रहे हैं, बल्कि शासन प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक उन्हें संपूर्ण बीमा राशि नहीं मिलेगी, उनका जल सत्याग्रह और धरना जारी रहेगा।
यहां वृहत रूप में चल रहा जल सत्याग्रह
तीसरे दिन भोपाल तालाब के पास ग्राम टीला खेड़ी स्थित कोलासी नदी, ग्राम लसूडिया खास स्थित पार्वती की सहायक खाल नदी, छापरी कलां- छोटी मुंगावली के पास स्थित पर्वती नदी में वृहत रूप से किसान पानी में बैठकर विरोध कर रहे हैं। यह आंदोलन न केवल किसानों की समस्याओं को उजागर कर रहा है, बल्कि सरकार और बीमा कंपनियों पर दबाव बनाने का प्रयास भी कर रहा है। किसान जोर देकर कह रहे हैं कि उनका संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक उनका पूरा हक उन्हें नहीं मिलेगा।
एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज