
इछावर, एमपी विश्वास न्यूज
संपर्क,9200718280
इछावर।शुक्रवार तड़के सीहोर जिले के इछावर के नादान रोड स्थित विनायक नमकीन फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई।

इस हादसे में फैक्ट्री के भीतर रखा लाखों रुपये का कच्चा व तैयार सामान और मशीनें जलकर खाक हो गईं। प्राथमिक दृष्टि में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे सभी श्रमिक काम खत्म करके फैक्ट्री बंद कर अपने घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह तड़के फैक्ट्री से धुआं उठते देख प्रत्यक्षदर्शी मनोज वर्मा और डायल 112 के ड्राइवर ने तत्परता दिखाते हुए घटना की जानकारी तुरंत फैक्ट्री मालिक को दी। आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

फैक्ट्री मालिक हरी गुप्ता ने बताया, “सुबह मेरे पास फोन पर सूचना आई कि फैक्ट्री में आग लग गई है। हम तुरंत मौके पर पहुंचे और अंदर मौजूद अग्निशामक यंत्रों (Fire Extinguishers) की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।”
घटना के तुरंत बाद दमकल विभाग को सूचित किया गया, लेकिन मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी न पहुंच पाने के कारण नगर परिषद की ओर से पानी का टैंकर भेजा गया। टैंकर की मदद से पानी का छिड़काव कर काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। तब तक फैक्ट्री में रखा अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था।
फिलहाल, राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। फैक्ट्री संचालक के अनुसार हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है और नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है।
एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज