Breaking News

बड़ी ख़बरअतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला,

100 से अधिक ग्रामीणों ने किया पथराव; 6 वनकर्मी घायल, 8 वाहन क्षतिग्रस्त

देवास/मध्य प्रदेश| एमपी विश्वास न्यूज

देवास/मध्य प्रदेश।देवास जिले के कमलापुर क्षेत्र में सरकारी वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर शनिवार को ग्रामीणों ने हमला कर दिया। करीब 100 से अधिक ग्रामीणों ने वन अमले और पुलिस बल को घेरकर जमकर पथराव किया तथा गोफन से पत्थर बरसाए। इस हमले में 6 वनकर्मी घायल हो गए, जिनमें 3 के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं विभाग के 8 वाहनों और एक ड्रोन को भी नुकसान पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे जिनवाणी वन परिक्षेत्र की कमलापुर बीट के कक्ष क्रमांक-94 में हुई। वन विभाग की टीम सरकारी वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए पहुंची थी। कार्रवाई में सात रेंजों के करीब 70 वनकर्मी और पुलिस बल शामिल था।

चारों तरफ से घेरकर किया हमला

बताया जा रहा है कि कार्रवाई शुरू होते ही भील आमला गांव के ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और वन विभाग की टीम को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद अचानक पथराव शुरू हो गया। कई ग्रामीण गोफन के माध्यम से दूर-दूर से पत्थर बरसा रहे थे, जिससे वनकर्मियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि वनकर्मियों और पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए खेतों की ओर भागना पड़ा। घटना का ड्रोन वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कर्मचारी खेतों के बीच दौड़ते नजर आ रहे हैं।

वाहनों और ड्रोन में तोड़फोड़


बागली एसडीओ अंकित जामोद के नेतृत्व में चल रही इस कार्रवाई के दौरान हमलावरों ने विभाग के वाहनों को भी निशाना बनाया। पथराव में विभाग के 6 वाहन और कार्रवाई में लगी 2 जेसीबी मशीनें क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं निगरानी के लिए उड़ाए गए ड्रोन को भी नुकसान पहुंचाया गया।
एसडीओ अंकित जामोद ने बताया कि घटना के वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महिला वनरक्षक ने सुनाई आपबीती

घायल वनरक्षक ज्योति जाट ने बताया कि अचानक चारों तरफ से पत्थरबाजी शुरू हो गई। उन्हें और उनके साथियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उन्होंने बताया कि उनके सहयोगी वनपाल कमल परमार के सिर में पत्थर लगने से गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने के दौरान उनके सिर में भी पत्थर लगा।

ज्योति जाट ने बताया कि आसपास तारों की बाउंड्री होने के कारण कई कर्मचारी वहां फंस गए थे, जिससे उन्हें बाहर निकलने में कठिनाई हुई और कई लोग घायल हो गए।

6 वनकर्मी घायल, 3 की हालत गंभीर

हमले में वनरक्षक मोहन पंचोनिया, ज्योति जाट, कमल राणा, देवकरण मालवीय, सूरज और परिक्षेत्र सहायक केके परमार घायल हुए हैं। सभी को पहले कमलापुर स्वास्थ्य केंद्र और चापड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण तीन घायलों को जिला अस्पताल देवास रेफर किया गया।

अवैध खेती हटाने गई थी टीम
वन विभाग के एसडीओ विकास माहोरे ने बताया कि भीलआमला गांव के समीप सरकारी वन भूमि पर अवैध खेती की जा रही थी। इसी अतिक्रमण को हटाने के लिए वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने हिंसक विरोध करते हुए हमला कर दिया।

13 नामजद, 4 आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद कमलापुर थाने में 13 लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में शिवम डाबर (24), विशाल बुंदेला (26), मंसाराम (50) और धन्नालाल बामनिया (50) शामिल हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

About राजेश माँझी

Check Also

राजस्व मंत्री ने भाऊ खेड़ी मनरेगा पार्क में किया पौधारोपण, झाडू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता दोनों ही समाज की सामूहिक जिम्मेदारी हैं – राजस्व मंत्री सीहोर, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *