Breaking News

बलदाऊ और बहन सुभद्रा संग स्वर्ण रथ पर विराजे भगवान जगदीश,

5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने खींचा रथ; जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंजा सीहोर

सीहोर, एमपी विश्वास न्यूज

सीहोर। आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति के भव्य संगम का अद्भुत नजारा रविवार को सीहोर शहर में देखने को मिला, जब अखिल भारतीय क्षत्रिय चंद्रवंशी खाती समाज के तत्वावधान में भगवान जगदीश (जगन्नाथ), बड़े भाई बलदाऊ (बलराम) और बहन सुभद्रा की विशाल एवं भव्य रथयात्रा निकाली गई। भगवान की आकर्षक रूप से सुसज्जित प्रतिमाओं को स्वर्णिम रथ में विराजित कर नगर भ्रमण कराया गया। रथयात्रा में शामिल 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से करीब 3 किलोमीटर तक रस्सियों से रथ खींचकर अपनी श्रद्धा अर्पित की।

भोपाल नाका स्थित आवासीय खेलकूद मैदान से प्रारंभ हुई रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई लीशा टॉकीज मैदान पहुंची। पूरे मार्ग में “जय जगन्नाथ”, “भगवान जगदीश की जय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। शंखनाद, मजीरों की मधुर ध्वनि, ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते हुए भगवान के जयकारे लगाते रहे।

रथयात्रा का एक विशेष आकर्षण पूर्व भारतीय सेना के जवान रहे समाजजन थे, जो हाथों में तिरंगा लेकर घोड़ों पर सवार होकर चल रहे थे। वहीं कालों के काल महाकाल की जीवंत झांकी, भजन-कीर्तन करती महिलाओं की मंडलियां और भगवा ध्वजों से सजी सड़कें धार्मिक उत्साह का केंद्र बनी रहीं। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पारंपरिक परिधान, आकर्षक पगड़ियां और पीले अंगवस्त्र धारण कर यात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया।

शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा रथयात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। कई स्थानों पर मंच सजाकर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया तथा भगवान के रथ पर पुष्पवर्षा की गई। नागरिकों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों की छतों से भी फूल बरसाकर भगवान जगदीश का स्वागत किया। पूरे शहर को भगवा ध्वजों, बैनरों और होर्डिंग्स से सजाया गया था, जिससे नगर का वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।


लीशा टॉकीज मैदान में आयोजित धर्मसभा का शुभारंभ भगवान जगदीश की विधिवत पूजा-अर्चना एवं महाआरती के साथ हुआ। इस अवसर पर समाज के संस्थापक डॉ. अजय पटेल, विधायक शैलेन्द्र पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ अतिथियों एवं समाज के विशिष्ट व्यक्तियों का पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर और पुष्पमालाएं अर्पित कर सम्मान किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. अजय पटेल ने कहा कि चंद्रवंशी क्षत्रिय खाती समाज सामाजिक एकता, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षित, संगठित और संस्कारित समाज ही देश और समाज की प्रगति का आधार होता है। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और समाज को एक सूत्र में बांधने का भी माध्यम है।

कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया। रथयात्रा में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रायसेन, विदिशा, देवास, शाजापुर, नरसिंहपुर, हरदा, नर्मदापुरम सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाजजन एवं सनातन धर्मप्रेमी शामिल हुए। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर यह रथयात्रा शहरवासियों के लिए अविस्मरणीय बन गई।

About राजेश माँझी

Check Also

“बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण की तैयारी: पीएम पोषण योजना के तहत रसोइयों को मिला विशेष प्रशिक्षण”

पीएम पोषण योजना के तहत रसोइयों को दिया गया एकदिवसीय प्रशिक्षण इछावर, एमपी विश्वास न्यूज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *