Breaking News

इछावर में जनकल्याण शिविर: शिवराज बोले- जनता की सेवा ही भगवान की सेवा,

21 हजार आवास हितग्राहियों का होगा भौतिक सत्यापन

कांग्रेस ने डीजल-खाद संकट को लेकर रोका केंद्रीय मंत्री का काफिला, सौंपा ज्ञापन

सीहोर/इछावर (मध्य प्रदेश) | एमपी विश्वास न्यूज

सीहोर/इछावर।(मध्य प्रदेश)।सीहोर जिले के इछावर स्थित आजाद चौक पर शनिवार को जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा शामिल हुए। शिविर में बड़ी संख्या में लाड़ली बहनाएं, ग्रामीणजन और नगरवासी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि “जनता की सेवा ही भगवान की सेवा है।” उन्होंने कहा कि पहले लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए तहसील, जनपद और विभिन्न विभागों के कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर थे, लेकिन जनकल्याण शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इछावर जनपद क्षेत्र में करीब 21 हजार लोगों का सर्वे किया गया है। अब इन सभी हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा और जिनके मकान वास्तव में कच्चे पाए जाएंगे, उन्हें योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम जबरन सूची से न हटाया जाए और न ही किसी को अपात्र घोषित किया जाए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना की राशि भविष्य में 1,500 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह तक ले जाने का लक्ष्य है। साथ ही अधिक से अधिक महिलाओं को योजना से जोड़ने और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उन्हें ‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि हर बहन की वार्षिक आय लगभग एक लाख रुपये तक पहुंच सके।
इस अवसर पर क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए 36 नई सड़कों के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।

वहीं राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंच रहा है और इछावर विधानसभा में प्रमुख सड़कें बन चुकी हैं। उन्होंने नर्मदा-पार्वती परियोजना से वंचित रह गए करीब 70 गांवों को योजना में शामिल करने का अनुरोध केंद्रीय मंत्री से किया।


कार्यक्रम में भाजपा नेता विष्णु करण सिंह वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर परिषद अध्यक्ष प्रिंस राठौर, सन्नी महाजन, पंकज गुप्ता, कैलाश सुराना, देवेंद्र (भूरा) वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के बाद तहसील कार्यालय के सामने कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का काफिला रोककर डीजल संकट और ई-टोकन प्रणाली के कारण खाद नहीं मिलने की समस्या को लेकर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेता बृजेश पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि किसान डीजल और खाद के लिए परेशान हैं तथा ई-टोकन व्यवस्था में सुधार कर किसानों को आसानी से खाद उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About राजेश माँझी

Check Also

कांवड यात्रा के पहले ही शहर के सीवन नदी तट पर मेले जैसा वातावरण,,,,,,,,,,,,

आगामी तीन अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त और 25 अगस्त को भव्य कांवड यात्रा निकाली …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *