राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को आमजन के और करीब लाना है।
सीहोर, एमपी विश्वास न्यूज सीहोर, 11 सितंबर 2026
सीहोर मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत इछावर विकासखंड के ग्राम बलोंडिया में जिला स्तरीय शिविर एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में कलेक्टर बालागुरू के. एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने भी ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को आमजन के और करीब लाना है। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले और ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो, यही अभियान की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनें तथा अनावश्यक देरी किए बिना उनका निराकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक एवं जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं। प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना, निशुल्क राशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
ग्रामीणों की मांग पर बलोंडिया-नवलपुरा-झागरिया सड़क निर्माण की बात
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से राजस्व मंत्री को अवगत कराया। ग्रामीणों ने बलोंडिया से नवलपुरा होते हुए झागरिया तक सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी। राजस्व मंत्री ने मांग को गंभीरता से सुना और क्षेत्र के विकास तथा आवागमन सुविधा को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने की बात कही।
मंच से ग्रामीणों से पूछा—योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं
राजस्व मंत्री ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए पूछा कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास, राशन, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि कोई पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित है तो उसके कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
कलेक्टर और एसपी ने भी सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
कलेक्टर बालागुरू के. एवं एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने भी ग्रामीणों से संवाद कर विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं और मांगों की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर केवल औपचारिकता न बनें, बल्कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम साबित हों।
राजस्व मंत्री ने शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि जनता की सेवा ही उनका प्रमुख दायित्व है। प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करे, ताकि आमजन को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
कार्यक्रम में एसडीएम श्रीमती स्वाती मिश्रा, जनपद सीईओ श्रीमती रूशाली पोरस, पंकज गुप्ता, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।