दस हजार से अधिक लोग विशाल चल समारोह में हुए शामिल, पारंपरिक वेशभूषा में दिखी
आदिवासी संस्कृति; आमसभा में सरकार को घेरा

सीहोर, एमपी विश्वास न्यूज
सीहोर। विश्व आदिवासी दिवस पर रविवार को सीहोर शहर आदिवासी संस्कृति, एकता और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। जय आदिवासी युवा शक्ति एवं सर्व आदिवासी समाज के तत्वावधान में निकाले गए विशाल चल समारोह में हजारों युवक-युवतियों, बुजुर्गों और बच्चों ने हिस्सा लिया। इस दौरान “जय जोहार” और “एक तीर, एक कमान, सभी आदिवासी एक समान” के नारों से शहर गूंज उठा।
बाल विहार मैदान से शुरू हुआ चल समारोह अटल बिहारी वाजपेयी चौराहा, बड़ा बाजार, पान चौराहा, कोतवाली चौराहा, इंग्लिशपुरा रोड होते हुए भोपाल नाका कॉलेज मैदान पहुंचा।
समारोह में आदिवासी समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में तीर-कमान, भाले और ढोल-मांदल के साथ शामिल हुए। अलग-अलग टोलियों में युवक-युवतियां पारंपरिक गीतों पर नृत्य करते हुए आगे बढ़े। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह दिखाई दिया।

नशे से दूर रहेंगे, परंपराओं को जीवित रखेंगे—पढ़ेंगे, लड़ेंगे और जीतेंगे
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर हजारों युवाओं ने नशे से दूर रहने, अपनी परंपराओं और संस्कृति को जीवित रखने तथा शिक्षा के जरिए आगे बढ़ने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

आमसभा में सरकार को घेरा
बाल विहार मैदान में आयोजित सामाजिक सभा में वक्ताओं ने आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए सरकार को घेरा। कार्यक्रम में समाज के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं एवं विशिष्ट जनों का शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और संविधान की पुस्तक भेंटकर सम्मान किया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर ने नगर पालिका उपाध्यक्ष विपिन सास्ता की अनुशंसा पर शहर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने तथा आदिवासी समाज के लिए धर्मशाला निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने और निर्माण कार्य कराने की घोषणा की।

एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज