बुधनी के विधायक रमाकांत भार्गव, सीहोर के विधायक सुदेश राय एवं आष्टा के विधायक गोपालसिंह इंजीनियर 3 विधायक रहे उपस्थित

सीहोर, एमपी विश्वास न्यूज
सीहोर, 06 नवम्बर 2026
सीहोर।सीहोर जिले में स्वामित्व योजना के अंतर्गत शुभ धनतेरस के अवसर पर विशेष पंजीयन कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा तथा जिले के तीनों विधायकों की उपस्थिति में हितग्राहियों के स्वामित्व अधिकारों से संबंधित पंजीयन कार्य संपन्न कराया गया।
योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि पर निवासरत पात्र परिवारों को उनकी संपत्ति का वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे हितग्राहियों को अपनी संपत्ति पर स्वामित्व का अधिकार मिलने के साथ ही भविष्य में बैंक ऋण एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों में भी सुविधा प्राप्त होगी।

राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा इछावर विकासखंड के ग्राम सोहनखेड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने स्वामित्व योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के दस्तावेजों के निष्पादन एवं पंजीयन कार्य की प्रक्रिया में सहभागिता की। इस अवसर पर राजस्व मंत्री वर्मा ने ग्रामवासियों को स्वामित्व योजना के महत्व और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी आवासीय संपत्ति का वैधानिक दस्तावेज प्राप्त होता है, जिससे संपत्ति पर उनका अधिकार सुनिश्चित होता है। मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीणों को संपत्ति का कानूनी अधिकार देने के साथ ही उनके आर्थिक सशक्तिकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। दस्तावेज उपलब्ध होने से नागरिकों को अपनी संपत्ति के उपयोग, बैंक ऋण सहित अन्य कार्यों में सुविधा मिलती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।

इसी प्रकार बुधनी के विधायक रमाकांत भार्गव, सीहोर के विधायक सुदेश राय एवं आष्टा के विधायक गोपालसिंह इंजीनियर की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न ग्रामों में पात्र हितग्राहियों की आवासीय संपत्तियों के पंजीयन निष्पादन की कार्यवाही संपन्न कराई गई। बुधनी तहसील के ग्राम हिगनासिर, बीसाखेड़ी एवं तिल्लोट तथा सीहोर के दोराहा में भी पंजीयन निष्पादन का कार्य किया गया। वहीं आष्टा में विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर के पैतृक ग्राम मुलानी-मंगलपुर में 113 पात्र प्रकरणों में से 103 परिवारों की आवासीय संपत्तियों की निःशुल्क रजिस्ट्री संपन्न हुई।

एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज