राज्य सरकार खिवनी अभ्यारण के प्रभावितों के साथ है – मुख्यमंत्री डॉ. यादव
दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्यवाही के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इछावर-खातेगांव क्षेत्र के प्रभावितों के साथ की भेंट

सीहोर/भोपाल, एमपी विश्वास न्यूज
सीहोर, 29 जून, 2025
सीहोर/भोपाल।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने खिवनी अभयारण्य के लिए वन विभाग द्वारा खातेगांव इछावर क्षेत्र मे की गई कार्यवाही से प्रभावित क्षेत्र के जनजातीय समुदाय के लोगों के साथ समत्व भवन में भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संवेदनशीलता से शिकायतों और पीड़ा को सुना। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्रवाई पर खेद व्यक्त करते हुए, स्थिति का उचित समाधान निकालने, शिकायतों की जांच करवाने, दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्यवाही करने और क्षेत्र के लोगों को सभी शासकीय योजनाओं का लाभ दिलवाने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावितों के साथ है। यह सुनिश्चित किया जाएगा की बरसात में किसी को कोई तकलीफ ना हो। राहत के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जांएगी।
खिवनी अभ्यारण्य की अधिसूचना संबंधी कार्यवाही वर्तमान में लंबित
“खिवनी अभ्यारण्य” के संबंध में वन मंडल अधिकारी मगन सिंह डावर ने बताया कि सीहोर वनमंडल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र इछावर एवं लाड़कुई के आरक्षित वनों को वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 26ए के अंतर्गत अभ्यारण्य के रूप मे “खिवनी अभ्यारण्य” के रूप मे अधिसूचित किया जाना प्रस्तावित किया गया था। वन मंडल अधिकारी डावर ने बताया कि खिवनी अभ्यारण्य की अधिसूचना संबंधी कार्यवाही वर्तमान में लंबित है।
एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज