Breaking News

एक हफ्ते की जिंदगी-मौत की जंग हार गया दिनेश,

इको-बाइक भिड़ंत में मृतकों की संख्या बढ़कर दो

इछावर, एमपी विश्वास न्यूज।

इछावर।इछावर-सीहोर स्टेट हाईवे पर पालीवाल नर्सरी के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल युवक की भी एक सप्ताह बाद मौत हो गई। इसके साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। दिनेश वर्मा पिछले एक सप्ताह से भोपाल के अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था, लेकिन आखिरकार उसने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

एक हफ्ते पहले धर्मेन्द्र वर्मा की एक्सीडेंट में हुई थीं मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खोखरी स्थित यूनब्राको कंपनी में कार्यरत दो युवक एक सप्ताह पहले सोमवार रात ड्यूटी समाप्त कर अपने गांव बावड़ियां नोआबाद लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे पालीवाल नर्सरी के पास चर्चित दो पुलिया क्षेत्र में उनकी बाइक और एक तेज रफ्तार इको चार पहिया वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि इको वाहन इछावर क्षेत्र का था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सिविल अस्पताल इछावर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय सीहोर रेफर किया गया।

उपचार के दौरान धर्मेंद्र वर्मा निवासी बावड़ियां नोआबाद ने दम तोड़ दिया था, जबकि दिनेश वर्मा की हालत अत्यंत गंभीर होने पर उसे भोपाल रेफर किया गया था। पिछले एक सप्ताह से उसका उपचार चल रहा था, लेकिन गंभीर चोटों के कारण वह जिंदगी की जंग नहीं जीत सका और उसकी भी मौत हो गई।

इस हादसे के बाद गांव बावड़ियां नौआबाद और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इछावर-सीहोर स्टेट हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर लोगों में भी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पालीवाल नर्सरी और दो पुलिया क्षेत्र दुर्घटनाओं का केंद्र बन चुका है, इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।

About राजेश माँझी

Check Also

प्रवेश के साथ पर्यावरण का संकल्प: छात्र ने अनार का पौधा लगाकर की पढ़ाई की शुरुआत

शासकीय माध्यमिक शाला ढाबला माता में छात्र की अनोखी पहल, साथियों को भी दिया हरियाली …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *