भैरूंदा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना- IV एवं पीएम जनमन योजना का हुआ शुभारंभ
मध्यप्रदेश में 1763 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 सड़कों का होगा निर्माण
सीहोर जिले में 165 करोड़ की लागत से बनेंगी 81 नई सड़कें, 84 बसाहटों को मिलेगा लाभ

सीहोर, एमपी विश्वास न्यूज
सीहोर, 10 मई, 2026
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना आज देश के गांवों के विकास का आधार बन गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने गांवों की तस्वीर और तकदीर बदलने का कार्य किया है। सड़क संपर्क बेहतर होने से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। आज गांवों तक सड़क पहुंचने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा हो रही है, बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं तथा मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो पा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना IV के अंतर्गत 973 नई सड़कों तथा पीएमजनमन योजना के अंतर्गत 168 नई सड़कों के निर्माण की सौगात मिल रही है, जो मध्यप्रदेश के गांवों के विकास के साथ-साथ मध्यप्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना- IV के अंतर्गत मध्यप्रदेश में 1763 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 सड़कों का निर्माण होगा। इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश की 987 बसाहटों को बेहतर सड़क संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। योजना के तहत सीहोर जिले में 165 करोड़ रुपये की लागत से 209 किलोमीटर लंबी 81 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों से जिले की 84 बसाहटें सीधे तौर पर लाभान्वित होंगी। इसी प्रकार पीएमजनमन योजना के अंतर्गत 261 करोड़ से अधिक की लागत से 384 किलोमीटर लंबी 168 सड़कें बनाई जाएंगी। जिनसे प्रदेश की 168 बसाहटें लाभान्वित होंगी। ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी तथा विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।
प्रोजेक्ट मॉडल एवं प्रदर्शनी का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान सहित सभी मंत्रियों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना IV के मॉडल का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने जम्मू कश्मीर, सिक्किम, उड़ीसा, उत्तरप्रदेश, त्रिपुरा सहित अन्य राज्यों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की उपलब्धियों पर आधारित डिजिटल प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

रोड़ शो में हुआ मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री का भव्य स्वागत
भैरूंदा में कार्यक्रम से पहले हुए रोड़ शो के दौरान विभिन्न मंचों द्वारा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान का नागरिकों ने अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री ने भी आत्मीयता से नागरिकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया।


यह थे उपस्थित
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा, भारत सरकार के ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजिनियर, सांची विधायक प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा, खातेगांव विधायक अशीष शर्मा, कुरवई विधायक हरिसिंह सप्रे, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह,रघुनाथ भाटी, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष रवि मालवीय, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती निर्मला बारेला, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला पंचायत श्रीमती रचना मेवाड़ा, भैंरूदा नगर परिषद अध्यक्ष मारूति शिशिर, सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, इछावर नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा, कलेक्टर बालागुरू के., एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज