सड़क नहीं मौत का रास्ता! सीहोर-इछावर स्टेट हाईवे पर फिर छिना किसी का बेटा
फिर निगल गई जान! सीहोर-इछावर स्टेट हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ड्यूटी से लौट रहे युवक की मौत
मौत का हाईवे बनता जा रहा सीहोर-इछावर मार्ग, दो पुलिया के नज़दीक पालीवाल नर्सरी के पास फिर हुआ भीषण सड़क हादसा

इछावर/सीहोर। एमपी विश्वास न्यूज
इछावर।सीहोर-इछावर स्टेट हाईवे पर लगातार हो रहे हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक बार फिर इस मार्ग ने एक युवक की जान ले ली, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। हादसों की बढ़ती संख्या के बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में भारी आक्रोश है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खोखरी स्थित यूनब्राको (Unbrako) कंपनी में कार्यरत दो युवक सोमवार रात ड्यूटी समाप्त कर अपने गांव बावड़ियां नोआबाद टू व्हीलर वाहन से लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे पालीवाल नर्सरी के पास चर्चित दो पुलिया क्षेत्र में पालीवाल नर्सरी के पास उनकी बाइक और एक तेज रफ्तार इको चार पहिया वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। प्राप्त जानकारी अनुसार इको इछावर की बताई जा रही है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल इछावर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
उपचार के दौरान धर्मेंद्र वर्मा निवासी बावड़ियां नोआबाद ने दम तोड़ दिया, जबकि विनेश वर्मा निवासी नोआबाद की हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सवालों के घेरे में हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था

एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज