Breaking News

खाद वितरण में गड़बड़ी नहीं होगी बर्दाश्त, कलेक्टर ने इछावर पहुंचकर परखी जमीनी हकीकत

खाद वितरण में गड़बड़ी नहीं होगी बर्दाश्त, कलेक्टर ने इछावर पहुंचकर परखी जमीनी हकीकत

इछावर, एमपी विश्वास न्यूज

इछावर। खरीफ सीजन से पहले किसानों को खाद वितरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कलेक्टर बालागुरू के. ने शुक्रवार को इछावर स्थित सहकारी बैंक एवं सहकारी समिति का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था, ई-टोकन प्रक्रिया और गोदाम में उपलब्ध खाद स्टॉक का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पारदर्शी एवं सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बैंक परिसर में मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को सभी सुविधाएं नियमानुसार एवं बिना किसी भेदभाव के उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों से जुड़े कार्यों में लापरवाही या अनियमितता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ई-विकास पोर्टल के माध्यम से संचालित खाद वितरण प्रणाली की समीक्षा की और अधिकारियों से खाद आवंटन एवं वितरण की पूरी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि खाद केवल निर्धारित नियमों के अनुसार ही वितरित किया जाए, ताकि पात्र किसानों को समय पर लाभ मिल सके।

कलेक्टर बालागुरू के. ने खाद के उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया। उन्होंने गोदाम का निरीक्षण कर भंडारण व्यवस्था देखी और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि ई-विकास पोर्टल पर दर्ज स्टॉक तथा गोदाम में उपलब्ध वास्तविक स्टॉक में किसी प्रकार का अंतर नहीं होना चाहिए। रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने और स्टॉक प्रबंधन में पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

ई-टोकन प्रणाली को किसानों तक पहुंचाने पर जोर

कलेक्टर ने किसानों को ई-टोकन जारी करने की प्रक्रिया का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को इस प्रणाली की पूरी जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि ई-टोकन व्यवस्था का उद्देश्य खाद वितरण को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है, इसलिए किसानों को इसकी जानकारी देकर प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों से किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती के लाभों के बारे में जागरूक करने को कहा। उन्होंने कहा कि केवल उत्पादन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। इसके लिए रासायनिक उर्वरकों का संतुलित और वैज्ञानिक उपयोग तथा पर्यावरण अनुकूल खेती पद्धतियों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौरभ जोनवाल, नायब तहसीलदार अनामिका चतुर्वेदी, सुपरवाइजर रामचंद्र शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

About राजेश माँझी

Check Also

“मेलॉडी खाओ और महंगाई भूल जाओ” — कांग्रेस का भाजपा सरकार पर तीखा हमला,

“मेलॉडी खाओ और महंगाई भूल जाओ” — कांग्रेस का भाजपा सरकार पर तीखा हमला, चॉकलेट …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *