“मध्याह्न भोजन की खुली पोल! लोहापठार स्कूल में सब्जी गायब मिलने पर सरस्वती स्वसहायता समूह को कारण बताओ नोटिस”

इछावर/सीहोर (एमपी विश्वास न्यूज)।
इछावर।एमपी विश्वास न्यूज की ग्राउंड रिपोर्ट का बड़ा असर सामने आया है। दो दिन पहले प्रमुखता से प्रकाशित उस खबर, जिसमें शासकीय माध्यमिक शाला लोहापठार में बच्चों को मध्याह्न भोजन में मेन्यू के अनुसार पर्याप्त सब्जी नहीं दिए जाने का मामला उजागर किया गया था, इसके बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित सरस्वती स्व सहायता समूह को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।

विभाग द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि समाचार के माध्यम से यह तथ्य सामने आया कि पीएम पोषण योजना के अंतर्गत निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन तैयार नहीं किया जा रहा था तथा बच्चों की थाली में पर्याप्त सब्जी उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी। इसे योजना के नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए समूह से दो दिवस के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्ट जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया, तो संबंधित समूह के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जाएगा।

एमपी विश्वास न्यूज़ लोगों की विश्वसनीय आवाज